सुनील कुमार
सरायपाली (छत्तीसगढ़ महिमा)। 27 अगस्त 2026, परिवहन आयुक्त एस.प्रकाश के निर्देश एवं अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के आदेशानुसार खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट प्रभारी नरेंद्र साहू के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार दूसरे दिन विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन चेकपोस्ट के आसपास स्थित ढाबों एवं मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 14 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई तथा 36 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से होने वाले संभावित हादसों और यातायात बाधित होने की स्थिति के संबंध में समझाइश दी गई। चालकों से अपील की गई कि वे वाहनों को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही खड़ा करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। वाहन चालकों से स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
02 दिनों में 22 वाहनों पर कार्रवाई
लगातार 02 दिनों तक चले अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने कुल 22 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 56 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया।