बरसते पानी में भी नहीं थमे कांवड़ियों के कदम, 71 किमी की सामाजिक सद्भाव कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बरसते पानी में भी नहीं थमे कांवड़ियों के कदम, 71 किमी की सामाजिक सद्भाव कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
चंदखुरी से आरंग तक गूंजा ‘बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे - मनखे एक समान’ का संदेश
   रायपुर (छत्तीसगढ़ महिमा)। 22 अगस्त 2026, 
माता कौशल्या की पावन धरा चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक आयोजित तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हजारों कांवड़ियों की उपस्थिति में कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में हुआ। 71 किलोमीटर लंबी यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, समरसता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंच रही है। बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। बरसते पानी और कठिन राह के बावजूद न कदम रुके और न यात्रा की रफ्तार थमी। पूरे मार्ग में “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सर्वसमाज के लोगों की सहभागिता ने यात्रा को जन अभियान का स्वरूप प्रदान किया।
  *धार्मिक यात्रा के साथ सामाजिक एकता का संदेश*
कैबिनेट मंत्री एवं यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का जनअभियान है। इसका उद्देश्य समाज में व्याप्त भेदभाव और दूरियों को समाप्त कर प्रत्येक व्यक्ति के मन में प्रेम, अपनत्व और समानता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का भाव ही मजबूत और समरस समाज की आधारशिला है।
        गांव-गांव हुआ भव्य स्वागत
यात्रा के मार्ग में विभिन्न गांवों में सर्वसमाज के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। जगह-जगह उमड़े जनसमर्थन ने यात्रा के सामाजिक संदेश को व्यापक जनस्वीकृति प्रदान की। यात्रा के प्रथम दिवस चंदखुरी से प्रारंभ होकर चंदखुरी फार्म,नगपुरा,मौली माता चौक,सकरी,अमेरी, टेकारी और डीघारी मोड़ होते हुए कांवड़ यात्रा ग्राम नारा पहुंची,जहां रात्रि विश्राम किया गया।
             पंडवानी ने बांधा समां
ग्राम नारा में रात्रि में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान दुर्गा साहू कृत पंडवानी प्रस्तुति ने वातावरण को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला प्रभारी रायपुर ग्रामीण सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, संयोजक गोबिंद साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सर्वसमाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।