कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दी बधाई, कहा– आरंग क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण
रायपुर (छत्तीसगढ़ महिमा)। 01 नवंबर 2026,
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहनाकाड़ी निवासी वरिष्ठ समाजसेवी, पंथी गीत गायक एवं नर्तक सी.एल. रात्रे का चयन प्रतिष्ठित देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य अलंकरण के लिए किया गया है। पंथी नृत्य एवं लोककला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राज्य अलंकरण सम्मान से विभूषित किया जाएगा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब ने हर्ष व्यक्त करते हुए सी.एल. रात्रे को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सी.एल.रात्रे ने अपनी कला, साधना और समर्पण से पंथी नृत्य की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका राज्य स्तरीय सम्मान से अलंकृत होना पूरे आरंग विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है। गुरु खुशवंत साहेब ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मान लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में जुटे कलाकारों को नई प्रेरणा प्रदान करेगा। सी.एल.रात्रे की इस उपलब्धि से ग्राम बहनाकाड़ी सहित पूरे आरंग क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी यह सफलता छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पंथी नृत्य परंपरा के सम्मान एवं प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।