सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, चोरी के चार डबल केजव्हील सहित वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन जब्त
सुनील कुमार जिला ब्यूरो
महासमुन्द (छत्तीसगढ़ महिमा)। 03 नवंबर 2026,
बसना। थाना बसना पुलिस ने ग्राम खुर्सीपहार स्थित फार्म हाउस में हुई ट्रैक्टर के डबल केजव्हील चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए चार लोहे के डबल केजव्हील (कीमत 50 हजार रुपये) तथा वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी (टाटा एस) वाहन क्रमांक CG 12 AW 5759 बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोर चार केजव्हील चोरी कर छोटा हाथी वाहन से फरार हो गए थे। प्रार्थी शिवेन्द्र मिश्रा की शिकायत पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 612/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपियों की पहचान होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अफान खैरानी (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02 बसना तथा विवेक पटेल (19 वर्ष), निवासी अरेकेलडीपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने चोरी का सामान और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों को 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 305, 331(3) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।