35 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बसना पुलिस ने भेजा जेल

35 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, बसना पुलिस ने भेजा जेल
  मुखबिर की सूचना पर खुर्सीपहार में दी दबिश, 7 हजार रुपये की शराब जब्त
          सुनील कुमार जिला ब्यूरो 
  महासमुंद (छत्तीसगढ़ महिमा)। 03 नवंबर 2026,
 अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने बसना पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी शरद दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खुर्सीपहार में दबिश देकर 35 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुर्सीपहार निवासी सुन्दरलाल निषाद अपने घर में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना पर टीआई शरद दुबे ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मकान की तलाशी ली। इस दौरान नीले रंग के प्लास्टिक जरीकन में रखी 35 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 7 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी सुन्दरलाल निषाद (38 वर्ष), पिता जगदेव निषाद, निवासी खुर्सीपहार को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
  अवैध कारोबारियों को पुलिस की सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी शरद दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप है। बसना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।