सभापति प्रकाश ने दिखाई हरी झंडी, 12 SHG के 40 सदस्य हुए पूरी रवाना

सभापति प्रकाश ने दिखाई हरी झंडी, 12 SHG के 40 सदस्य हुए पूरी रवाना
    सुनील कुमार जिला ब्यूरो 
 महासमुंद (छत्तीसगढ़ महिमा)। 19 फरवरी 2026, एकीकृत बाल विकास परियोजना बसना अंतर्गत आयोजित दिशा-दर्शन भ्रमण कार्यक्रम के तहत बसना ब्लॉक के 12 स्व सहायता समूहों के 40 सदस्यों को जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह भ्रमण कार्यक्रम महिला स्व सहायता समूहों के सशक्तिकरण एवं आयवर्धन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। भ्रमण के दौरान समूह की माताएँ-बहनें विभिन्न सफल मॉडलों का अध्ययन कर आत्मनिर्भरता, प्रबंधन कौशल एवं आजीविका संवर्धन के नए आयाम सीखेंगी। भ्रमण पर जा रही माताओं-बहनों को सफल एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ देते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी रामसिंह मिरी, पर्यवेक्षक श्रीमती उमादेवी पटेल,श्रीमती चंद्रिका कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं स्व सहायता समूह की महिलाएँ उपस्थित रहीं।