सभापति प्रकाश सिन्हा की पहल रंग लाई, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
सुनील कुमार जिला ब्यूरो
महासमुंद (छत्तीसगढ़ महिमा)। 13 फरवरी 2026,
जिले के बसना से पदमपुर (उड़ीसा अंतराज्यीय सीमा) को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर का त्वरित असर देखने को मिला। खबर प्रकाशन के मात्र तीन दिवस के भीतर ही सड़क मरम्मत एवं डामरीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर बने बड़े एवं गहरे गड्ढों के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी, प्रकाश सिन्हा ने 06 फरवरी को जिला कलेक्टर महासमुंद को पत्र लिखकर शीघ्र मरम्मत की मांग की थी। इसके बाद 10 फरवरी को समाचार पत्रों में यह मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित हुआ। समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और संबंधित विभाग को निर्देशित करते हुए मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया गया। वर्तमान में ठेकेदार द्वारा सड़क पर बने गड्ढों को भरने एवं डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। यह मार्ग कालकासा, अंकोरी, अंकोरी टांडा मार्ग एवं पलसपाली (अ) सहित उड़ीसा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों को जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन भारी संख्या में स्कूली बच्चे, किसान, मजदूर तथा दोपहिया-चारपहिया एवं भारी वाहन गुजरते हैं। मरम्मत कार्य प्रारंभ होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर देखी गई। अंकोरी के ग्रामीणों में पूर्व जनपद सदस्य राजेंद्र डडसेना, सरपंच मिश्रा दीप, पूर्व सरपंच रविंद्र डडसेना, महेंद्र प्रधान, सोसायटी अध्यक्ष मुरलीधर नायक, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष विनोद विशाल, हीरालाल साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सभापति प्रकाश सिन्हा को बधाई एवं आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते समस्या उठाए जाने से संभावित बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका अब कम होगी और आवागमन अधिक सुरक्षित बनेगा। इस अवसर पर प्रकाश सिन्हा ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दिलाना उनका कर्तव्य है और क्षेत्र वासियों की समस्याओं के समाधान हेतु वे आगे भी निरंतर प्रयासरत रहेंगे।