व्यापार मेले ने बिगाड़ा शहर का यातायात, देर रात तक लगा लंबा जाम, आमजन हुए हलाकान,लौटते समय युवक की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत,अन्य घायल

अरविंद कुमार, छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ 
मुंगेली । छत्तीसगढ़ महिमा । सात दिवसीय व्यापार मेले के चौथे दिन शनिवार रात शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बीआर साव ग्राउंड में आयोजित मेले में इस बार आवश्यकता से कम क्षेत्रफल के बावजूद आयोजन समिति द्वारा अधिक संख्या में स्टॉल लगाए जाने से पूरे इलाके में भीड़ अनियंत्रित हो गई। भीड़ बढ़ते ही शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। जाम का असर इतना व्यापक रहा कि बिलासपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130A) तक प्रभावित हो गया। यहां तक कि मेडिकल इमरजेंसी वाहनों के निकलने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर सड़क से लेकर गलियों तक वाहन रेंगते नजर आए और पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया।
           कहां-कहां बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था?
मेले के रास्तों में सबसे ज्यादा भीड़ पड़ाव चौक, पंडरिया रोड, बायपास रोड, सिंधी कॉलोनी, नया बस स्टैंड रोड और रायपुर मार्ग में देखने को मिली।
हालत ऐसी रही कि पड़ाव चौक में वाहन चारों तरफ से फंस गए, जिससे शिक्षक नगर, बायपास मार्ग और नया बस स्टैंड रोड तक जाम फैल गया। जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस लगातार मशक्कत करती दिखी, लेकिन आयोजन समिति का कोई भी जिम्मेदार मौके पर नजर नहीं आया। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
        मेले में भीड़ का दबाव बना मुसीबत
शनिवार रात बड़ी संख्या में परिवारों के साथ लोग मेला घूमने निकले थे। वहां आरु साहू की कार्यक्रम था व्यापार मेला में, मेला स्थल के बाहर और अंदर भारी भीड़ की वजह से माहौल अनियंत्रित हो गया।
जाम की वजह से लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे। कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

         प्रशासन को भविष्य के लिए सोचना होगा
हर साल लगने वाले ऐसे बड़े आयोजनों में भीड़ का दबाव बढ़ता जा रहा है। सूत्रों का भी कहना है कि शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्र में व्यापार मेला आयोजित करना जोखिमपूर्ण है। भीड़, अव्यवस्था, ट्रैफिक बाधा और संभावित हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को आने वाले समय में ऐसे आयोजनों को शहर से बाहर बड़े खुले मैदान में करने पर निर्णय लेना होगा।

मेले से लौट रहे लोगों का दर्दनाक सड़क हादसा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, व्यापार मेला देखकर देवरी की ओर जा रहे लोगों का सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक का शव जिला अस्पताल में लाया गया है और घायलों का इलाज जारी है।