बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में मनाया गया ‘बाल विवाह निषेध दिवस’जिले भर में प्रशासन,संस्थानों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी, 100 दिवसीय जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में मनाया गया ‘बाल विवाह निषेध दिवस’
जिले भर में प्रशासन,संस्थानों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी, 100 दिवसीय जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ
      नीलकपूर घिवरे जिला ब्यूरो
 बेमेतरा (छत्तीसगढ़ महिमा)। 28 नवंबर 2025, कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी चंद्रबेश सिंह सिसोदिया, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सी.पी. शर्मा एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी व्योम श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आज जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘बाल विवाह निषेध दिवस’ सशक्त और व्यापक रूप से मनाया गया। जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने जिला स्तर परियोजना समन्वयक राजेंद्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक संस्थानों तक पहुँच कर बाल विवाह के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया और सभी को शपथ दिलवाई।
  जिले भर में हुआ शपथ कार्यक्रम का आयोजन
इस अवसर पर बेमेतरा जिले के शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस थानों, छात्रावासों, बाल देखरेख संस्थाओं, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों सहित सभी चिन्हांकित स्थानों पर बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई।
जिले के उच्च अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बाल विवाह के विरुद्ध समर्पण का संकल्प लिया।
100 दिवसीय अभियान से बदलेगी सामाजिक सोच
यह अभियान 100 दिनों तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं महिलाओं को सुरक्षित भविष्य देना, समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई से मुक्त करना, सरकारी सेवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना, गाँव-गाँव संवाद, कार्यशालाएँ, रैली, चौपाल और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाना जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की सामूहिक पहल है, जिसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिले वासियों से अपील की है कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध आगे आएँ, हर बच्चे के शिक्षा,सुरक्षा और भविष्य को प्राथमिकता दें और बाल विवाह मुक्त बेमेतरा बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।