मुंगेली में बाल उद्यान बदहाली का दंश झेलने को विवश उसे सवारने की जरूरत

बाल उद्यान बदहाली का दंश झेलने को विवश
 मुंगेली (छत्तीसगढ़ महिमा)। 26 अप्रैल 2024,
 नगर पालिका के बीच में बच्चों के लिए पूर्व सांसद स्व़. निरंजन प्रसाद केशरवानी के नाम पर नगर पालिका मुंगेली द्वारा उद्यान बनाया गया। उद्यान में टूटे झूले एवं गार्डन में उग आए खरपतवार मुसीबत बन गए है। बदहाली की स्थिति के बाद अधिकारी उदासीनता बरत रहे हैं। देखरेख के अभाव में जीर्ण - क्षीर्ण उद्यान की मरम्मत एवं सुसज्जित किए जाने की मांग लोगों ने शासन - प्रशासन से की है। पूर्व में नगर पालिका के भाजपा शासनकाल में बाल उद्यान का निर्माण किया गया और इसे भाजपा के नेता सांसद,विधायक रहे स्व़. निरंजन प्रसाद केशरवानी के नाम पर किया गया। उद्यान निर्माण के प्रारंभिक दिनों में यहां बच्चे खेलने के लिए आते थे। झूला एवं घिसलपट्टी आदि में बच्चों की दिनभर भीड़ लगी रहती थी। पूर्व मुख्यमंत्री डा़.रमन सिंह के नगर आगमन पर इस बाल उद्यान का लोकार्पण कर शुभारंभ किया गया था। बाल उद्यान में झूले एवं ओपन जीम की व्यवस्था भी किया गया था। किन्तु दुर्भाग्यवश यहां पर लगाए गए झूले,पौधे एवं टाइल्स देखरेख के अभाव में जीर्ण - क्षीर्ण हो गए हैं। पूर्व में नगर पालिका ने बेजा कब्जा हटाने के उद्देश्य से पार्क के सामने लगे ठेलों को भी इस पार्क के अंदर में लगाने की अनुमति दे दिया था। इसके चलते यहां की स्थिति बदहाल है। देखरेख के अभाव एवं पार्क में ठेले लगने से बच्चों के खेलने के लिए जगह नहीं रह गए है। उद्यान निर्माण के प्रारंभिक दिनों में यहां बच्चे खेलने के लिए आते थे। बच्चे एवं बुजुर्ग सुबह - शाम यहां पर टहलते रहते थे। बाल उद्यान का मेंटनेंस नहीं होने के चलते लगे सामानों की टूट - फूट एवं चोरी चले जाने के बाद बाल उद्यान के जगह पर अतिक्रमण होना प्रारंभ हो गया है। पूर्व सांसद केशरवानी की मूर्ति भी लगाई गई है लेकिन यह भी देखरेख के अभाव में बदरंग होते जा रही है। यहां पर लगे टाइल्स पत्थर, झूले और रेलिंग भी गायब होते जा रहे है। छोटे - छोटे बच्चों के लिए बनाए गए इस गार्डन के जीर्ण - क्षीर्ण होने के कारण अब बच्चों को खेलने के लिए मैदान उपलब्ध नही हो पा रहे हैं।

     अधिकारियों को विशेष ध्यान देने की जरूरत 
 बाल उद्यान की दुर्दशा के संबंध में पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश्वर केशरवानी ने बताया कि क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तियों के नाम पर बनाए गए बाल उद्यान एवं प्रतिमा स्थापना के बाद नगर पालिका की देखरेख के अभाव में बाल उद्यान की दुर्दशा हो गया है। नगर पालिका को बाल उद्यान की ओर समुचित ध्यान देना चाहिए। इससे यहां की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। पूर्व एल्डरमेन एवं पार्षद संजय वर्मा ने कहा कि नगर के मध्य में बाल उद्यान की कमी को देखते हुए नदी के किनारे कचरा डम्प करने वाली जगह को समतल कर भाजपा शासन काल में बाल उद्यान का निर्माण किया गया था। कांग्रेस शासन काल में देखरेख के अभाव के चलते बाल उद्यान की दुर्दशा हो गए है, इसे जल्द ही सुधार किया जाना चाहिए।

उद्यान का कराया जाएगा मरम्मत : सी.एम.ओ.

मुंगेली के मुख्य नगर पालिका अधिकारी,अनुभव सिंह ने कहा बाल उद्यान में टूट - फूट एवं मेंटनेंस नही होने के चलते उद्यान का लाभ बच्चों एवं आम लोगों को नही मिल पाने की जानकारी प्राप्त हुआ है। शीघ्र ही बाल उद्यान को मरम्मत कर उसके पुराने रूप में सुसज्जित किया जाएगा,जिससे बच्चों एवं आम लोगों को लाभ मिल सके।