मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देंश पर अमल करते हुए कलेक्टर डॉ.सर्वेश्वर भूरे ने खेतों तक पहुंच कर वर्षा प्रभावित फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
डॉ.भूरे खरोरा तहसील के माठ गांव पहुंचे और कृषि अधिकारियों के साथ खेतों में लगी धान की फसल का अवलोकन किया। कृषि विभाग के उप संचालक आर.के.कश्यप ने बताया कि खरोरा तहसील में वर्षा थोड़ी कम हुई है,परन्तु अभी एक हफ्ते फसलों में नुकसान की कोई ज्यादा संभावना नहीं है।
कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों को बारिश के हिसाब से लगातार फसलों पर नजर रखने के निर्देंश मौके पर ही दिए। कलेक्टर ने किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने को भी कहा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 1 अगस्त 2022 की स्थिति में चालू मानसून मौसम में बारिश कम होने से प्रभावित फसलों का नजरी आंकलन करने के निर्देंश मुख्यमंत्री बघेल ने अधिकारियों को दिए है। इसी तारतम्य में कल ही मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने भी सभी कलेक्टरों के साथ बैठक कर प्रदेश में कम बारिश से प्रभावित फसलों की जानकारी ली थी। रायपुर जिले में 1 अगस्त तक रायपुर और आरंग दो तहसीलों में ही 60 प्रतिशत से कम औसत वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर डॉ.भूरे ने इन दोनों तहसीलों सहित जिले के सभी तहसीलों में बारिश के हिसाब से राजस्व,कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा नजरी आंकलन कर फसलों की स्थिति की जानकारी लेने के निर्देंश दे दिए है,ताकि ऐसी तहसीलों में यदि सूखा घोषित किया जाना हो तो समय पर प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा जा सके।