छत्तीसगढ़ महिमा गिरौदपुरी। 11 जुलाई 2022, कलेक्टर रजत बंसल ने बलौदा बाजार जिला के मुख्य पर्यटन स्थल संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा जी की जन्म कर्म तपो भूमि गिरौदपुरी धाम और छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह की जन्म कर्म भूमि सोनाखान की पावन धरती पर पहुँच कर वहां की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को लेकर निर्माण विकास कार्याे का जायजा लिया।
इस दौरान विभिन्न निर्माण विकास कार्यो की धीमी प्रगति को देख कर कलेक्टर रजत बंसल ने गहरी नाराजगी जताई। इसके साथ ही गिरौदपुरी एवं सोनाखान में चल रहे विभिन्न विभागों से संबंधित निर्माण विकास कार्यो की समुचित फाइल 4 दिनों बाद शुक्रवार को प्रस्तुत करने के लिए निर्देश संबंधित विभाग लोक निर्माण,आरईएस, जल संसाधन,पीएचई,आदिवासी विकास एवं एसडीएम कसडोल को दिए है। कलेक्टर रजत बंसल ने गिरौदपुरी एवं सोनाखान को टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए है। उन्होंने सर्व प्रथम छत्तीसगढ़ के महान संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा जी की जन्म स्थली गिरौदपुरी धाम में पहुंच कर गुरू बाबा का आशीर्वाद गुरूगद्दी जोड़ा जैतखाम में मांथा टेक कर लिया। इस दौरान उन्होनें जन्म स्थली गिरौदपुरी धाम के संबंध में उपस्थित सतनामी समाज प्रमुखों से जानकारी हासिल की साथ ही पूरे स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होने मुख्य मंदिर,चरण कुण्ड, अमृत कुण्ड, जैतखाम, छाता पहाड़ एवं पांच कुण्ड में पहुंच कर स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने हर स्थल की इतिहास एवं महत्व के बारे में उपस्थित संत समाज के पुजारियों एवं समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों से जानकारी हासिल किया।
त्रिदिवसीय वार्षिक भव्य गुरू दर्शन मेले के समय होने वाले गतिविधियों एवं संत श्रध्दालुओं दर्शनार्थियों पर्यटकों के लिए होने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त किया। रजत बंसल कलेक्टर ने सभी स्थलों की प्रशंसा करते हुए और बेहतर कार्य करने की आवश्यकता बताई।
इसके साथ ही उन्होनें शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति स्थल सोनाखान पहुँच कर चल रहे निर्माण विकास कार्यो का जायजा लिया। कलेक्टर रजत बंसल ने शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में बनाये गए संग्राहलय का अवलोकन कर इस स्थल के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी हासिल किया। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के वंशजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
इस दौरान प्रगतिशील सतनामी समाज के उपस्थित पदाधिकारियों ने कलेक्टर को सतनाम धर्मशाला मड़वा स्थित अपने समाज के भवन में वृक्षारोपण एवं अवलोकन हेतु आंमत्रित किया। उन्होंने स्वीकार करते हुए सतनाम धर्मशाला भवन मडवा का अवलोकन कर उक्त स्थल में अशोक वृक्ष का पौधा रोपण किया।
इस दौरान डीएफओ के.आर बढ़ई, प्रगतिशील छ.ग.सतनामी समाज संघर्ष समिति प्रदेशाध्यक्ष मोहन बंजारे सहित अन्य पदाधिकारी गण एवं तहसीलदार विवेक पटेल,अतिरिक्त तहसीलदार राधेश्याम वर्मा,जनपद पंचायत सीईओ हिमांशु वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित रहे थे।