जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर की उपस्थिति में तौल का अधिक धान किसानों को किया जा रहा है वापस,
छत्तीसगढ़ महिमा गरियाबंद। 9 जनवरी 2022, जिला गरियाबंद अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बेलटुकरी, धान उपार्जन केंद्र बेलटुकरी में 1 दिसम्बर 2021 से 21 दिसम्बर 2021 तक करीब 24 हजार क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य में धान खरीदी हुई थी। जिसमे से 15 हजार क्विंटल धान का परिवहन हुआ जिसका राइस मिलर्स द्वारा उठाव किया गया। अनुविभागीय अधिकारी (रा) अविनाश भोई के निर्देश पर सहकारिता,खाद्य और नाप तौल विभाग के अधिकारियों, किसान तथा जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्टेक लगे बोरों की जांच की गई तथा अधिक धान तौल होना पाया गया तथा फड़ प्रभारी खेलावन साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पीड़ित किसान अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के सचिव तेजराम विद्रोही के नेतृत्व में विगत दिनों 23 दिसम्बर 2021 से धान वापस करने और जिम्मेदार फड़ प्रभारी खेलावन साहू को बर्खास्त करने की मांग को लेकर खरीदी केंद्र के मुख्य द्वार पर अनिश्चित कालीन धरना दे रहे थे और धान उठाव रोक रखे थे।
धरना के पांचवे दिन अनुविभागीय अधिकारी अविनाश भोई के मार्गदर्शन में सहायक पंजीयक अवधेश कुमार मिश्रा,जिला नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा, खाद्य निरीक्षक श्रीमती सोनाली ठाकुर, सहकारिता अधिकारी मोहित गरड़िया, जिला सहकारी बैंक प्रबंधक बी आर ध्रुव, नोडल कोमल राम साहू द्वारा जिला पंचायत सदस्य रोहित साहू के विशेष उपस्थिति में किसान नेता तेजराम विद्रोही और धरनारत किसानों के बीच बैठक कर अधिकारियों ने किसानों की मांगों को मानते हुए 22 स्टेक के तौल के औसत के अनुसार 226 ग्राम प्रति बोरा की दर से 140 क्विंटल धान 1 दिसम्बर से 20 दिसम्बर तक धान विक्रय किए किसानों को 12 जनवरी 2022 तक वापस करने का निर्णय लिया और धरना समाप्ति की घोषणा की गई।
659 किसानों को 140 क्विंटल 271600 रुपये मूल्य का धान करना है वापस :- तेजराम विद्रोही
किसान नेता तेजराम विद्रोही ने बताया कि फड़ प्रभारी खेलावन साहू द्वारा तौल मशीन में छेड़खानी कर धान खरीदी केंद्र बेलटुकरी में किसानों से अधिक तौल कर धान लिया गया था।
जिसकी जांच की गई और अधिकारियों की जांच प्रतिवेदन के आधार पर औसतन 226 ग्राम प्रति बोरा अतिरिक्त धान तौल होना निर्धारित हुआ है। इस प्रकार जांच 21 दिसम्बर तक कुल 24460 क्विंटल खरीदी में 140 क्विंटल अधिक धान लिया गया है।
इस प्रकार 2 लाख 71 हजार 600 रुपये मूल्य का धान 659 किसानों को 12 जनवरी 2022 तक वापस किया जाना है। जिसकी 8 जनवरी 2022 को छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के संचालक मंडल सदस्य एवं जिला पंचायत महासमुंद के सदस्य जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर की उपस्थिति में शुरुआत की गई और पहले दिन करवाई की गई तथा भैंसातरा के किसानों को धान वापस किया गया।