सरपंच अजय जगत ने क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया
सुनील कुमार जिला ब्यूरो
महासमुंद (छत्तीसगढ़ महिमा)। 20 अक्टूबर 2025, जिले के सरायपाली ब्लॉक अंतर्गत पंडापारा गांव में रविवार को एक क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया। सरपंच अजय जगत और उप सरपंच सुनील ने फीता काट कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए खेल बहुत जरूरी है। सरपंच अजय जगत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल मनुष्य के जीवन का अभिन्न अंग है। जिस प्रकार भोजन जीवन के लिए आवश्यक है,उसी प्रकार शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेल भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि खेल से आपसी भाईचारा बढ़ता है और यह शिक्षा का भी एक हिस्सा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आग्रह किया। सरपंच ने कहा कि क्रिकेट देश में एक अत्यंत लोकप्रिय खेल है, जिसके प्रशंसक लगभग हर घर में मिल जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और छोटे गांवों से भी अच्छे खिलाड़ी निकलकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।