अरविंद कुमार, स्टेट ब्यूरो चीफ
मुंगेली / छत्तीसगढ़ महिमा / अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के गौरवशाली पल का साक्षी बनने, मुंगेली जिला भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। जिला प्रशासन द्वारा विकासखंड तथा मुख्यालय स्तर पर रामोत्सव के भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम मुंगेली जिले के बरेला में आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों द्वारा जय श्री राम की आकृति के दीपों का प्रज्वलन कर तथा रामलला की पूजा अर्चना कर रामोत्सव का शुभारंभ किया गया।
रामोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा की 500 वर्षों की लंबी तपस्या के बाद भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं है, बल्कि पूरे भारतवासी की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रभु श्रीराम हम सबके श्रद्धा व आस्था के केन्द्र हैं, उनके बताए हुए रास्ते से दुनिया में सुख, शांति और समृद्धि आ सकती है। आज भगवान राम के इस उत्सव को पूरे देश के लोग मना रहे हैं। लोरमी में भी बेर से बने हुए भगवान राम की आकृति निर्मित करने का रिकार्ड बना है। अब पूरा हिन्दुस्तान एक नए दिशा में एक नई सोच के साथ बढ़ेगा तथा छत्तीसगढ़ में रामराज्य का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा की छत्तीसगढ़ को खुशहाल और समृद्ध बनाने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हम सभी मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन सहित सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सब के सहयोग से हम राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि 500 वर्षों की कठिन मेहनत के बाद आज रामलला की अपने स्थान पर प्राण प्रतिष्ठा हुई है। छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है, हमारी सरकार ने सभी जिलों और विकासखंडों में रामोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया था। प्रभु श्री राम आदर्श जीवन के प्रतीक रहे हैं, भगवान राम ने अपने आचरण से सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, इसलिए उनको मर्यादा पुरूषोत्तम राम कहा जाता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए शांति के मार्ग पर चलते हुए लोगों की सेवा करने प्रेरित किया।
मानस मंडलियों की भक्तिमय प्रस्तुति,चेक एवं वाद्य यंत्र वितरित कर किया गया सम्मानित
बरेला में आयोजित कार्यक्रम में रामायण मंडलियों के मानस भजन कीर्तन से पूरा माहौल राम नाम की धुन से गुंजित हो गया। रामायण मंडलियों ने मानस गायन के माध्यम से रामकथा का रसपान कराया। मानस मंडलियों को अतिथियों द्वारा चेक एवं वाद्ययंत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चोरभट्ठी की शिव शक्ति मानस मंडली, कुआंगांव के सुर सरोवर मानस मंडली और भरथरी के सत्यम बालिका मानस मंडली को 05 हजार रुपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार फरहदा के श्री राम कृष्ण मानस मंडली, बरेला के रामचरित मानस मंडली और फंदवानी के जयरुद्र मानस मंडली को वाद्य यंत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कार सेवकों को शॉल और श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित
मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले कार सेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने विधायक मोहले, द्वारिका जायसवाल, मोहन भोजवानी और वहां मौजूद कारसेवकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लोरमी पूर्व विधायक तोखन साहू, जिला पँचायत सदस्य दुर्गा उमाशंकर साहू, शैलेश पाठक, गिरिश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर राहुल देव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, वनमंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी सँख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।