सुशासन दिवस पर विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित किए गए कार्यक्रम, जिले के 87 हजार से अधिक किसानों के खाते में 145 करोड़ रूपए से अधिक बोनस राशि अंतरित

अरविंद कुमार, मुंगेली /  छत्तीसगढ़ महिमा / सुशासन दिवस के अवसर पर जिले के विकासखंड मुख्यालयों में धान बोनस राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड मुख्यालय लोरमी में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरूण साव, मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए एवं पथरिया विकासखंड में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान लाभान्वित किसानों को बोनस राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। जिले के 87 हजार 36 किसानों के खाते में 145 करोड़ 20 लाख 90 हजार रुपए से अधिक की लंबित बोनस राशि अंतरित की गई, इनमें वर्ष 2014-15 में जिले के कुल 42 हजार 254 किसानों को 69 करोड़ 17 लाख रुपए से अधिक की राशि और वर्ष 2015-16 में 44 हजार 782 किसानों को 76 करोड़ 03 लाख रुपए से अधिक की राशि शामिल है। विकासखण्ड लोरमी अंतर्गत 2014-15 में 14 हजार 643 किसानों के खाते में 22 करोड़ 96 लाख रूपए से अधिक और वर्ष 2015-16 में 15 हजार 649 किसानों के खाते में 25 करोड़ 19 लाख रूपए से अधिक की राशि अंतरित की गई। इसी प्रकार विकासखण्ड मुंगेली अंतर्गत 2014-15 में 15 हजार 435 किसानों के खाते में 24 करोड़ 06 लाख रूपए से अधिक और वर्ष 2015-16 में 16 हजार 386 किसानों के खाते में 26 करोड़ 52 लाख रूपए से अधिक की राशि अंतरित की गई। विकासखण्ड पथरिया अंतर्गत 2014-15 में 12 हजार 176 किसानों के खाते में 22 करोड़ 13 लाख रूपए से अधिक और 2015-16 में 12 हजार 747 किसानों के खाते में 24 करोड़ 31 लाख रूपए से अधिक की राशि अंतरित की गई। साथ ही विकासखण्ड पथरिया में 05 पटवारियों को डिजीटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत मूल घटकों के कार्यान्वयन में 99 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण करने पर अभिनंदन पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अपर कलेक्टर विजेन्द्र सिंह पाटले, एसडीएम पथरिया बी. आर. ठाकुर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।