विद्यार्थियों को पुरस्कार के रूप में दिए पेन और धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

विद्यार्थियों को पुरस्कार के रूप में दिए पेन और धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
जांजगीर चांपा (छत्तीसगढ़ महिमा)। 19 जनवरी 2023,
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने ग्राम सोंठी में जल जीवन मिशन के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर नल जल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और जल जीवन मिशन के कार्यों को ग्राम पंचायत को सौंपने के पश्चात इसके मेंटेनेंस हेतु ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की। यहां शासकीय प्राथमिक शाला सबरिया डेरा का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की संख्या व अध्यापकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्राम सोंठी में धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां के नोडल अधिकारी से अब तक खरीदे गए धान, कुल खरीदी और उठाव के संबंध में जानकारी लेते हुए धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सोंठी में जल संरक्षण हेतु नाला बंधान का अवलोकन कर नाले में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सोंठी में कलेक्टर ने कक्षा तीन के बच्चों से पहाड़ा पूछा और पहाड़ा बताने वाले गणेश, आयूब, मयंक को पुरस्कार स्वरूप पेन भी दिए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने, बच्चों की दर्ज संख्या व शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए पुराने जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन निर्माण करने का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने ग्राम अफरीद में रीपा अंतर्गत बन रहे पेंट यूनिट, दोना, पापड़, अचार, बेसन-बूंदी निर्माण के कार्यों का निरीक्षण किया और स्व-सहायता समूह की दीदियों से मुलाकात कर आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने यहां निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।