खरीफ विपणन वर्ष 2022 -23 में पहले दिन आज रायपुर जिला में 1386 टन धान की खरीदी की गई

धरसीवां (छत्तीसगढ़ महिमा)। 02 नवम्बर 2022,
 पूरे प्रदेश के सभी जिलों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शुरू हो गई है। जिले के धान खरीदी केंद्रों में किसान बेहद खुश नजर आए। सहकारिता मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने धरसीवा विकास खंड के कुम्हारी धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान धरसीवां विधायक श्रीमती अनिता शर्मा भी शामिल हुई। मंत्री डॉ.टेकाम ने कहा कि किसानों के हित को देखते हुए राज्य सरकार ने एक माह पूर्व ही धान खरीदी की प्रक्रिया चालू कर दी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि किसानों के हितों का ध्यान रखा जाए। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 138 खरीदी केन्द्र हैं। जिनमें 92 खरीदी केन्द्रों में 570 किसानो के द्वारा लाए गए 1386 टन धान की खरीदी की गई। इस वर्ष जिले में 1 लाख 35 हजार 820 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। जिले में इस वर्ष 5 लाख 72 हजार 450 मेट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है।