छत्तीसगढ़ महिमा बलौदाबाजार। 6 मई 2022,
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात प्रथम बार आज 6 मई 2022 को जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का दौरा किया। प्रथम प्रवास के दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा द्वारा पुलिस महानिरीक्षक ओ.पी.पाल को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात् पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार सभाकक्ष में समस्त राजपत्रित अधिकारी पुलिस एवं थाना/चौकी प्रभारियों की बैठक ली गई। जिसमें ओ.पी. पाल द्वारा कानून व्यवस्था एवं अपराधों के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली गई।
कानून व्यवस्था,व्हीआईपी डयूटी एवं अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
बैठक में बढ़ते अपराध एवं अनैतिक गतिविधियों, नशे जुआ,सट्टा,अवैध रूप से शराब बिक्री के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने समेत युवाओं में बढ़ती नशे के जाल को पूर्णतया समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही कर नशे का सामान बेचने वालों पर भी सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु लगातार कार्यवाही कर,ब्लैक स्पॉट का पहचान करने तथा दुर्घटनाओं को रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया गया। आगामी समय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने निर्देशित किए गए।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा विशेष रूप से सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को थाना/चौकी में आने वाले आगंतुकों,पीड़ित पक्षों,प्रार्थी से शालीनता पूर्वक व्यवहार कर पीड़ित पक्ष के साथ हमेशा सहयोगात्मक एवं मित्रवत की भावना रखते हुए उनकी हर संभव मदद करने हेतु हिदायत दी गई। थाना स्टॉफ की मॉनिटरिंग और उनका मैनेजमेंट सही तरीके से करने के निर्देश दिए गए। बैठक में इफेक्टिव और विजिबल पुलिसिंग पर जोर दिया गया। गुम इंसान,गुम बालक/बालिकाओं की खोजबीन को गंभीरता के साथ प्रयास करने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालयअभिषेक सिंह,एसडीओपी बिलाईगढ़ संजय तिवारी,एसडीओपी भाटापारा सिद्धार्थ बघेल,एसडीओपी बलौदाबाजार सुभाष दास,उप पुलिस अधीक्षक अनूप वाजपेई, उप पुलिस अधीक्षक यातायात,अमृत कुजुर रक्षित निरीक्षक विक्रम बघेल व जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी गण तथा पुलिस कार्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।