खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने ग्रामीणों के साथ विधि-विधान से गौठानों में गोवर्धन पूजा की
छत्तीसगढ़ महिमा रायपुर। 7 नवम्बर 2021, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने मैनपाट अन्तर्गत ग्राम बिहीबाड़ी,लालमुड़ा, बैगहवा तथा सपनादर गौठान में आयोजित गोवर्धन पूजा में शामिल हुए। श्री भगत ने ग्रामीणों के साथ विधि-विधान से गोवर्धन पूजा कर गायो को गुड़ के लड्डू और हरा चारा खिलाया। मंत्री श्री भगत ने ग्राम सपनादर के देव स्थल मंदिर प्रांगण में छत निर्माण के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृति प्रदान की तथा यहां आयोजित 3 दिवसीय गोवर्धन यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने आम जनता से उनकी समस्याओं के संबंध में चर्चा कर उनका तत्काल निराकरण किया। उन्होंने देव स्थल से लगे हुए जगह के लिए सामुदायिक वन अधिकार पत्र प्रदान करने हेतु नियमानुसार कार्यवाही करने अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित मे काम कर रही है। राज्य सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है। किसानों की सेवा के लिए ही गोधन न्याय योजना प्रारम्भ की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार गोबर से लेकर धान तथा वनोपज खरीदकर आम जनता तथा किसानों, मजदूरों के जेब में पैसा डालने का काम कर रही है। राज्य सरकार गोवर्धन पूजा के दिन को गोठान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की है। श्री भगत ने इस दौरान बताया कि वे बतौली के चिरंगा में प्रस्तावित एलुमिना रिफाइनरी फैक्टरी को निरस्त करने के लिए पत्र लिखा है। इस अवसर पर स्थानीय जन प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।